देहरादून : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को लक्ष्मण चौक और कांवली रोड क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने भी हिस्सा लिया।

अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के अधिकारी-कर्मचारी, स्वयंसेवक और स्थानीय नागरिकों समेत 100 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस दौरान क्षेत्र में सफाई करने के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को नियमित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल अभियान चलाकर सफाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि चिन्हित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और नियमित कूड़ा उठान की व्यवस्था भी जरूरी है।

डीएम ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से घर, दुकान और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक जगहों पर गंदगी न फैलाने की अपील की।

उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए। डीएम ने कहा कि लोगों को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक कर इसके इस्तेमाल को हतोत्साहित किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने भी अभियान में हिस्सा लिया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखा जा सकता है।

अभियान में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी, तहसीलदार सदर सुरेंद्र देव, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के नवीन सडाना सहित जिला प्रशासन, नगर निगम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और अन्य संस्थाओं के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *