देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में ग्लासगो, स्कॉटलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पदक विजेताओं, प्रशिक्षकों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात हैं।

सम्मानित होने वालों में रुड़की के पैरा एथलीट शुभम जुयाल, जिन्होंने रजत पदक जीता, देहरादून की जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा, जिन्होंने कांस्य पदक हासिल किया, शुभम जुयाल के प्रशिक्षक राकेश सिंह रावत, उन्नति शर्मा के प्रशिक्षक सतीश चन्द्र शर्मा और पुनेश कुमार सिंह तथा भारतीय बॉक्सिंग टीम के प्रशिक्षक खीमानन्द बेलवाल शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी की सफलता में उसके प्रशिक्षक और परिवार की भी अहम भूमिका होती है, इसलिए प्रशिक्षकों का सम्मान भी उतना ही जरूरी है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों के विकास को लेकर लगातार काम कर रही है। उत्तराखंड को देश के अग्रणी खेल राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। जिला और ब्लॉक स्तर पर खेल सुविधाओं का विस्तार करने के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, खेल उपकरण, पोषण और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए जरूरी सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य की खेल नीति को और प्रभावी बनाया गया है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि, सरकारी सेवाओं में अवसर, छात्रवृत्ति और विशेष प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। महिला, दिव्यांग और ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली खेल प्रतिभाओं को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की बड़ी क्षमता है। सरकार खेलों को रोजगार, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास से जोड़कर आगे बढ़ा रही है। खेल विश्वविद्यालय, खेल अकादमियों को मजबूत करने, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ी और उनके प्रशिक्षक प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी सम्मानित खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग देती रहेगी।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा सहित खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *