नई दिल्ली / देहरादून : राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेन्द्र वत्स (YSM, SM, VSM) ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने तथा आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में एनसीसी महानिदेशक ने कहा कि राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने के लिए सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई एनसीसी इकाइयों की जरूरत है। उन्होंने आधुनिक प्रशिक्षण ढांचे को मजबूत करने, प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार करने और प्रस्तावित एनसीसी अकादमी की स्थापना से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी ऐसा संगठन है, जो युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, राष्ट्रीय चरित्र और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करता है तथा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

मुख्यमंत्री ने एनसीसी के विस्तार और इससे जुड़ी आधारभूत संरचना के विकास में राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से उत्तराखंड के युवाओं को नेतृत्व विकास, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर मिलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *