ऊधम सिंह नगर : नानकसागर डैम क्षेत्र में युवक से लूट, मारपीट और अप्राकृतिक कृत्य के मामले में नानकमत्ता पुलिस ने मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी।

पुलिस के मुताबिक, 6 और 7 अगस्त की दरमियानी रात को नानकमत्ता पुलिस मुकदमा संख्या 173/2026 में वांछित आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मच्छी झाला के पास डैम बंधे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने लगा।

पुलिस ने उसका पीछा किया। करीब दो किलोमीटर आगे गलाबाग के पास कच्चे रास्ते में घेराबंदी के दौरान मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद आरोपी पैदल झाड़ियों की ओर भाग गया और वहां से पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग करने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी लगातार फायरिंग करता रहा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी।

पुलिस टीम ने घायल आरोपी को मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भेजा।

5 अगस्त की घटना में शामिल था आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने दो साथियों दीपक सिंह निवासी झनकट और मनोज भाटिया निवासी बानूसी के साथ मिलकर 5 अगस्त को नानकसागर डैम क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट की थी। आरोप है कि इस दौरान युवक का पर्स और नकदी लूटने के साथ उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य भी किया गया था।

घटना के बाद से गुरप्रीत सिंह फरार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की।

आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1), 317(2), 3(5) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। मामले में शामिल दीपक सिंह और मनोज भाटिया को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

गिरफ्तार आरोपी

गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी, पुत्र मंजीत सिंह, निवासी बेरीघाट, कोतवाली खटीमा, ऊधमसिंहनगर। आरोपी की उम्र करीब 30 वर्ष है।

आरोपी के पास से बरामद सामान

  • .315 बोर का एक अवैध तमंचा
  • एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस
  • लूटा गया भूरे रंग का पर्स
  • 1,220 रुपये भारतीय मुद्रा
  • 30 रुपये नेपाली मुद्रा
  • एक्सिस बैंक का एक एटीएम कार्ड
  • मोबाइल खरीद का बिल
  • एक पासपोर्ट साइज फोटो
  • बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में की गई। मुठभेड़ और गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक समेत नानकमत्ता पुलिस की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *