बाजपुर : आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए जल्द अच्छी खबर आ सकती है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि सरकार उनके मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर प्रयास कर रही है और जल्द इस पर बड़ा फैसला हो सकता है।
बाजपुर के श्रीराम जानकी मंडप में उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के 12वें प्रदेश अधिवेशन में पहुंचीं मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रमोशन के जरिए सुपरवाइजर बनाने की प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है। इसके अलावा सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली एकमुश्त राशि बढ़ाने पर भी काम किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए पेंशन की व्यवस्था करने पर भी गंभीरता से विचार कर रही है। उम्मीद है कि वर्ष 2026 में इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।
अधिवेशन के दौरान संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें मंत्री के सामने रखीं। रेखा आर्या ने सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय मंत्री अंजलि पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, महामंत्री सुमित सिंघल, राज्य मंत्री मनजीत सिंह, भगवती बिष्ट, रेणु खोलिया समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
