बाजपुर : ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए बाजपुर क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को संजय कॉलोनी, बाजपुर निवासी गवेशकर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 जुलाई को शुगर फैक्ट्री मैदान में मैच देखने के दौरान उनकी बजाज प्लेटिना चोरी हो गई थी। इसके बाद 3 अगस्त को रामपुर निवासी यूनुस ने भी शिकायत दी कि 14 जुलाई को बाजपुर में अल्ट्रासाउंड कराने के दौरान उनकी पैशन प्रो बाइक चोरी हो गई।
दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर एसएसपी अजय गणपति ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की।
जांच के दौरान 3 अगस्त को शुगर फैक्ट्री बाजपुर के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से दोनों चोरी की मोटरसाइकिलों के अलावा थाना गदरपुर से चोरी हुई एक हीरो स्प्लेंडर बाइक भी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी
- गौतम टीडा निवासी शांति कॉलोनी, केलाखेड़ा
- फायम अली उर्फ फईम अली निवासी धनसारा, बाजपुर
- कमल सिंह निवासी धनसारा, बाजपुर
- सागर निवासी लखनपुर, बाजपुर
बरामदगी
- बजाज प्लेटिना (UK18-1075)
- पैशन प्रो (UP22M-5441)
- हीरो स्प्लेंडर (UK06-AB-3174), जो थाना गदरपुर में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित है।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह मनराल
- उप निरीक्षक प्रहलाद सिंह
- कांस्टेबल इरफान
- कांस्टेबल त्रिभुवन पडालिया
