आगरा : अछनेरा के गांव सहाई में किसान धर्मवीर की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए उसके भतीजे दुष्यंत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दुष्यंत ने अपने दोस्त शिवम के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। मामले में शामिल बताए जा रहे शिवम की तलाश की जा रही है।

42 वर्षीय धर्मवीर अविवाहित थे और गांव में अकेले रहते थे। वह रोज सुबह करीब छह बजे अपने पशुओं को चारा डालने जाते थे। शुक्रवार सुबह जब वह चारा डालने नहीं पहुंचे तो उनके भतीजे सौरभ ने उन्हें फोन किया। कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला तो सौरभ घर पहुंचा।

घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद परिजनों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया। अंदर धर्मवीर का खून से लथपथ शव देखकर परिवार में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में सामने आया कि धर्मवीर को आखिरी बार गुरुवार रात करीब 11 बजे तक जीवित देखा गया था।

पूछताछ में भतीजे का नाम आया सामने

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि धर्मवीर के पास करीब तीन बीघा जमीन थी, जिसकी कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। यह भी सामने आया कि धर्मवीर का अपने भतीजे दुष्यंत के साथ पहले विवाद हो चुका था। पुलिस ने इसी दिशा में जांच आगे बढ़ाई और दुष्यंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दुष्यंत ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे अपने दोस्त शिवम के साथ चाचा के घर पहुंचा था। दोनों वहां छिपकर बैठ गए। धर्मवीर के घर पहुंचने के बाद दोनों ने उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि दुष्यंत ने सिलबट्टे से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, दुष्यंत ने पूछताछ में यह भी कहा कि उसे आशंका थी कि उसका चाचा उसे मार देगा, इसी डर के चलते उसने हत्या कर दी। पुलिस जमीन से जुड़े विवाद और आरोपी के इस बयान समेत वारदात के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटनास्थल से मिला अहम सुराग

फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर फर्श पर खून के निशान और आसपास खून के छींटे मिले। इसके अलावा आंगन से कमरे के बीच एक फुटप्रिंट भी मिला। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने जूते पहन रखे थे और फुटप्रिंट से उसके जूते का नंबर भी पता चला है।

पुलिस ने दुष्यंत को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथी शिवम की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों और वारदात में इस्तेमाल हथियार की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *