वाराणसी : वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। इस घटना में एयरपोर्ट पर तैनात दो एएआईसीएलएएस स्क्रीनर्स घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। मुंबई जाने वाली आईएक्स-1810 फ्लाइट से यात्रा करने वाला एक यात्री अपनी पत्नी के साथ एयरपोर्ट पहुंचा था। यात्री ने अपने साथ हथियार होने की जानकारी पहले ही दी थी।

जांच के दौरान अचानक चली गोली

एयरपोर्ट पर हथियार की जांच की जा रही थी। इसी दौरान यात्री की बंदूक से अचानक एक राउंड फायर हो गया। गोली चलने से दो स्क्रीनर्स घायल हो गए। घटना के बाद दोनों को न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।

फिलहाल घायलों की हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जांच के दौरान बंदूक से गोली किस तरह चली और सुरक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की चूक हुई या नहीं।

एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, जांच के बाद ही घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *