काशीपुर : एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए काशीपुर पुलिस ने साकेत नगर में हुई चोरी का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया। उक्त शातिर चोर बंद घरों की रैकी कर रात में मौका देखकर चोरी की घटना को अंजाम देता था। वह इससे पूर्व बिजनौर, नजीबाबाद और ऋषिकेश से जेल जा चुका है।
आपको बता दें कि दिनांक 11-5-2026 को मेहरोत्रा हॉस्पिटल के पीछे, साकेत नगर, काशीपुर निवासी पीयूष चौहान पुत्र वीरेंद्र सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 8-5-2026 को जब वे घर में ताला लगाकर परिवार सहित कहीं बाहर गये हुये थे तो अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर घर से सोने व चांदी के जेवरात, कीमती घड़ी तथा नकदी चोरी कर ली है। तहरीर के आधार पर धारा 331 (2)/305(ं) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घर में हुई चोरी की उक्त घटना को गम्भीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति द्वारा पुलिस की टीम का गठन कर घटना के अनावरण के निर्देश दिये गये।। उक्त क्रम में एसपी स्वप्न किशोर सिंह व सीओ प्रशांत कुमार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक काशीपुर हरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
चोरी की घटना के अनावरण हेतु गठित टीम द्वारा लगभग 150 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को खंगालने के अतिरिक्त सर्विलांस/मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर दिनांक 7-6-2026 को दौराने चेकिंग संदिग्ध व्यक्ति / वाहन के मुखबिर खास की सूचना पर ढेला पुल के पास से शातिर चोर सोनू शर्मा (35 वर्ष) पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी ग्राम मूसेपुर पाडली, नहटौर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश को चोरी किए गए माल व नकदी सहित गिरफ्तार किया गया।
बता दें कि सोनू शर्मा एक शातिर चोर है, जो अक्सर बंद घरों की रैकी करने के बाद रात में मौका देखकर ताला तोड़कर घर में घुस जाता है और चोरी की घटना को अंजाम दे देता है। अभियुक्त सोनू इससे पूर्व बिजनौर, नजीबाबाद, ऋषिकेश से जेल जा चुका है। उसके पास से 2 सोने की अंगूठियां, 2 बिछुए, 1 कैसियो कंपनी की घड़ी तथा 34,600 रुपये बरामद हुए हैं।
पुलिस टीम में एसआई दिनेश चंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह सामंत, एएसआई अजीत सिंह, कां. ज्ञानेंद्र कुमार, सचिन कुमार तथा मनोज जोशी शामिल थे।
