जसपुर : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर के आदेश के अनुपालन में आदर्श किसान इंटर कॉलेज, विद्यानगर, बहेड़ी, निकट धर्मपुर चौराहा जसपुर में कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेश सिंह ने की।
शिविर में कानूनी सहायता क्लीनिकों को मजबूत बनाने तथा नालसा की ‘डॉन ड्रग अवेयरनेस एंड वेलनेस नेविगेशन फॉर ए ड्रग फ्री इंडिया’ योजना-2025 के तहत विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इस दौरान टीम के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, नशे से बचाव और गुड टच-बैड टच के बारे में जानकारी दी। साथ ही इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, किसान पेंशन, दिव्यांग पेंशन, स्थायी लोक अदालत, श्रम विभाग, बाल श्रम और बाल विवाह से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में भी बताया।
इसके अलावा आगामी 12 दिसंबर को जसपुर सिविल कोर्ट में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देते हुए लोगों को इसका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। शिविर में कुल 220 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इस मौके पर टीम नंबर 25 एवं 26 के पीएलवी वीर सिंह गौतम, आकाश कुमार, लता, विकास कुमार, मुनेश, दीपक कुमार, सोनू कुमार सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
