जसपुर : जसपुर के मोहल्ला जटवारा में आयोजित श्री राम लीला का समापन भक्ति और उत्साह के बीच हुआ। लंका विजय के बाद प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन, भरत मिलाप और राजतिलक की लीला देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जय श्रीराम के जयघोष और पुष्पवर्षा के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
समापन अवसर पर ठाकुर मंदिर से भगवान श्रीराम, माता सीता, भाई लक्ष्मण और भक्त हनुमान जी की झांकी पुष्पक विमान पर सजाकर निकाली गई। बैंड-बाजों और अखाड़ों के साथ निकली शोभायात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा गांधी आश्रम चौक पहुंची, जहां भगवान श्रीराम और उनके भाई भरत के मिलन का भावपूर्ण मंचन किया गया। इस दृश्य को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रभु श्रीराम का स्वागत किया और मिष्ठान वितरित कर खुशियां मनाईं।
इसके बाद भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और गुरु विश्वामित्र सहित रामलीला के अन्य पात्र धर्मशाला मंदिर परिसर स्थित पंडित उमादत्त रंगमंच पहुंचे। यहां मोहल्ला जटवारा की श्रीरामलीला में भगवान श्रीराम के राजतिलक की भव्य लीला का मंचन किया गया। राजतिलक के साथ ही रामलीला का विधिवत समापन हो गया।
इस अवसर पर श्रीरामलीला कमेटी की ओर से कार्यकारिणी सदस्यों और अतिथियों को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में श्रीरामलीला कमेटी मोहल्ला जटवारा के अध्यक्ष सौरभ गर्ग, उपाध्यक्ष मनोज कश्यप, महामंत्री मान सिंह, उपमंत्री विपलेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष कैलाश मित्तल, पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल, व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह, अवलोक जैन, भावेश मित्तल, विनोद ठुकराल, विमल अग्रवाल, अवलोक गोयल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
