रुद्रपुर : ऊधम सिंह नगर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बहेड़ी से लेकर अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ तक फैली नशे की सप्लाई चेन का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एक ऐसे आरोपी से पूछताछ के बाद आगे बढ़ी, जिसे पुलभट्टा पुलिस ने नशीले इंजेक्शन के साथ पकड़ा था।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 को पुलभट्टा पुलिस ने बहेड़ी-ऊधम सिंह नगर बॉर्डर के पास संदिग्ध हालत में एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोका था। कार सवार की पहचान सद्दाम हुसैन निवासी बहेड़ी, जिला बरेली के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 6 डिब्बों में 150 प्रतिबंधित Buprenorphine इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये बरामद हुए।
इस मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ और मोबाइल फोन से मिली WhatsApp चैट व कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस को अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ से जुड़े नशा सप्लायरों के बारे में जानकारी मिली।
बहेड़ी से झूलाघाट तक पहुंच रही थी नशे की सप्लाई
पुलिस का कहना है कि इसके बाद अलग-अलग टीमों को अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ भेजा गया। मुखबिर तंत्र और तकनीकी जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22/29 के तहत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में अल्मोड़ा का अक्षय, हल्द्वानी का सौरभ, अल्मोड़ा का पीयूष, पिथौरागढ़ का भूपेंद्र सिंह मेहता, अल्मोड़ा की यशोदा टम्टा और झूलाघाट निवासी रवि थापा शामिल हैं।
पूछताछ में सामने आई नशे की सप्लाई की पूरी कड़ी
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बहेड़ी से स्मैक और नशीले इंजेक्शन लाने की बात स्वीकार की है। आरोपियों के बयानों के अनुसार, कुछ लोग खुद नशे के आदी होने के बाद नशे की छोटी मात्रा दूसरों को बेचने लगे थे।
अल्मोड़ा निवासी अक्षय ने पुलिस को बताया कि वह बहेड़ी से स्मैक लाकर खुद इस्तेमाल करता था और कुछ हिस्सा दूसरे नशेड़ियों को बेच देता था। उसके खिलाफ अल्मोड़ा में एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज होने की बात भी पुलिस ने बताई है।
हल्द्वानी के दमुवाढूंगा निवासी सौरभ के बारे में पुलिस का कहना है कि वह मेडिकल स्टोर चलाता है और पूछताछ में उसके नशे की सप्लाई से जुड़े होने की जानकारी सामने आई। पुलिस के अनुसार, वह बहेड़ी के सद्दाम से WhatsApp कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क करता था।
अल्मोड़ा निवासी पीयूष ने भी पूछताछ में बहेड़ी से स्मैक खरीदने और बाद में दूसरे नशेड़ियों को बेचने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, वह पहले भी एनडीपीएस मामले में जेल जा चुका है।
पिथौरागढ़ के भूपेंद्र सिंह मेहता ने पुलिस को बताया कि वह बहेड़ी से स्मैक खरीदकर लाता था और नशे की लत के साथ-साथ दूसरों को बेचकर अपना खर्च निकालता था।
महिला भी नशे के कारोबार में शामिल होने का आरोप
इस मामले में गिरफ्तार 54 वर्षीय यशोदा टम्टा के बारे में पुलिस का कहना है कि वह अपने बेटों से जुड़े मामलों और आर्थिक परेशानी के बाद नशे की सप्लाई में शामिल हुई। पुलिस के अनुसार, वह बहेड़ी से स्मैक और नशीले इंजेक्शन लेकर हल्द्वानी और अल्मोड़ा में बेचती थी।
वहीं, झूलाघाट निवासी रवि थापा पर भी बहेड़ी से स्मैक खरीदकर स्थानीय युवाओं और कुछ नेपाली युवकों को बेचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, वह पहले भी स्मैक के मामले में देहरादून में जेल जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी सद्दाम हुसैन के खिलाफ बरेली और ऊधम सिंह नगर में एनडीपीएस समेत कई मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने लोगों से की अपील
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
