रुद्रपुर : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ऊधम सिंह नगर पुलिस ने दोनों महापुरुषों को याद किया। पुलिस लाइन रुद्रपुर के साथ पुलिस कार्यालय और जिले के सभी थानों व कोतवालियों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधी और शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में बापू के प्रिय भजनों के साथ रामधुन भी गूंजी।
एसएसपी ने दिलाया सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
एसएसपी अजय गणपति ने दोनों महापुरुषों के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए पुलिसकर्मियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन और ड्यूटी में अपनाने का आह्वान किया।
उन्होंने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने की बात कही। इस दौरान पुलिस बल ने ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भाव के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प दोहराया।
सफाईकर्मियों को बांटे कंबल
कार्यक्रम के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों को सम्मान स्वरूप कंबल वितरित किए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना भी इन आयोजनों का अहम हिस्सा है।
