गदरपुर : फर्जी आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और बिजली के बिल जैसे दस्तावेज तैयार कर MBBS में दाखिला दिलाने की कोशिश के मामले में गदरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही से मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और SSD बरामद किए हैं।
पांच छात्रों के दस्तावेजों में मिली गड़बड़ी
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर पर फर्जी स्थायी निवास, जाति और अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कर लाभ लेने के मामले में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में BNS की धारा 318(4), 336(3), 338, 339, 340(2) और 61(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई।
जांच आगे बढ़ी तो पांच छात्रों से जुड़े प्रमाण-पत्रों में फर्जी या कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। इनमें आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर और विद्युत बिल समेत कई दस्तावेज शामिल थे।
पूछताछ के बाद दोनों गिरफ्तार
जांच के दौरान नामजद शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा को 25 सितंबर को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया। पूछताछ और प्रथम दृष्टया जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी कूटरचित दस्तावेज तैयार कर छात्रों को MBBS में दाखिला दिलाने की साजिश में शामिल थे। उनके मोबाइल से मिली रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
बरामद हुआ इलेक्ट्रॉनिक सामान
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दो मोबाइल फोन, HP EliteBook x360 1030 G4 लैपटॉप, एक हार्ड डिस्क और एक SSD बरामद किया है।
पुलिस अब मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
- शुभम हुड़िया पुत्र राजकुमार हुड़िया, निवासी पुरानी मंडी, वार्ड नंबर-10, गदरपुर।
- निखिल वर्मा पुत्र मोती राम, निवासी वार्ड नंबर-11, पशु चिकित्सालय, गदरपुर।
पुलिस टीम
व0उ0नि0 मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा और कांस्टेबल मोहन सिंह बोरा ने कार्रवाई की।
