रुद्रपुर : ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मोबाइल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल था।

पुलिस के अनुसार, राजा कॉलोनी निवासी महेंद्र पाल सिंह ने 24 सितंबर को ट्रांजिट कैंप थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर की सुबह वह शौचालय गए थे। वापस लौटने पर कमरे में रखा उनका Vivo T2x मोबाइल फोन गायब मिला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पेट्रोल पंप के पास खड़ा था युवक, पुलिस को देखकर भागने लगा

विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक मनोज कुमार ने पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक सिडकुल जाने वाले रोड पर पेट्रोल पंप से आगे सड़क किनारे एक खोखे के पास खड़ा है।

सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सूरज (19) पुत्र ननकी, निवासी ग्राम मुबारकपुर, थाना केमरी, जिला रामपुर के रूप में हुई।

तलाशी लेने पर उसके पास से वही Vivo T2x मोबाइल बरामद हुआ, जिसे महेंद्र पाल सिंह ने चोरी होने की शिकायत दी थी।

थैले में मिले अलग-अलग कंपनियों के 9 और मोबाइल

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के हाथ में मौजूद सफेद रंग के थैले की तलाशी ली गई तो उसमें अलग-अलग कंपनियों के 9 और मोबाइल फोन मिले। इस तरह पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 10 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बरामद मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए हैं। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अब बरामद किए गए अन्य मोबाइल फोन के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है कि वे कहां से चोरी किए गए थे।

पुलिस टीम

  • निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप
  • वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा
  • उपनिरीक्षक मनोज कुमार
  • कांस्टेबल जगमोहन गौड़
  • कांस्टेबल नंदन राम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *