उधम सिंह नगर : जिले में लगातार हुई भारी बारिश से कई नदियां उफान पर आ गईं। जसपुर, बाजपुर और गदरपुर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ राहत सामग्री उपलब्ध कराई।

जसपुर में नदी में फंसे दो बच्चों का रेस्क्यू-

जसपुर के ग्राम हजीरों में फीका नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से स्कूल जा रहे दो बच्चे नदी पार नहीं कर सके। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 14 वर्षीय निमरत कौर और 15 वर्षीय अवतार सिंह को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। फिलहाल जसपुर में स्थिति सामान्य बताई गई है।

बाजपुर में 300 घर प्रभावित-

बाजपुर तहसील के चकरपुर क्षेत्र में लेबड़ा नदी का जलस्तर बढ़ने से इंदिरा कॉलोनी, खमरिया, यादव कॉलोनी, झारखंडी और गोबरा के रिहाइशी इलाकों में पानी घुस गया। करीब 300 घर जलभराव से प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से पानी की निकासी शुरू कराई है। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई है। एडीएम ने राजस्व टीम को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं।

गूलरभोज में घुटनों तक पानी, 40 परिवार शिफ्ट-

लगातार बारिश के चलते गदरपुर तहसील के गूलरभोज क्षेत्र के वार्ड 1, 4, 5, 6 और 7 में घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव से कई घरों में रखा सामान खराब हो गया। एसडीएम गदरपुर ने राजस्व टीम के साथ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। करीब 40 परिवारों के 100 से 150 लोगों को नगर पंचायत गूलरभोज और जनसमुदाय भवन में सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया गया है। उनके लिए भोजन और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रभावित क्षेत्रों में हल्की बारिश हो रही है और स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। राजस्व उपनिरीक्षकों को किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *