भारत : हरियाणा सरकार ने गन्ना किसानों को राहत देते हुए चौड़ी कतार पद्धति को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ा दी है। अब 4 फीट की दूरी पर गन्ना लगाने वाले किसानों को ₹5,000 प्रति एकड़ की सहायता दी जाएगी।
पहले इस योजना के तहत किसानों को ₹3,000 प्रति एकड़ मिलते थे। सरकार के नए फैसले से किसानों को पहले की तुलना में ₹2,000 अधिक मिलेंगे। इस योजना का उद्देश्य गन्ने की खेती में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देना और उत्पादन क्षमता बढ़ाना है।
4 फीट की दूरी पर लगाना होगा गन्ना
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को गन्ने की कतारों के बीच 4 फीट की दूरी रखनी होगी। चौड़ी कतार पद्धति से फसल की देखभाल, निराई-गुड़ाई और अन्य कृषि कार्यों में आसानी होने की उम्मीद है। सरकार का जोर गन्ने की उत्पादकता के साथ चीनी की रिकवरी बेहतर करने पर भी है।
उन्नत बीज और टिशू कल्चर पर जोर
सरकार किसानों तक बेहतर गन्ना किस्मों का बीज पहुंचाने की दिशा में भी काम कर रही है। जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों से उन्नत बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा रोहतक, महम, पानीपत और पलवल-करनाल शुगर मिलों में चार टिशू कल्चर लैब स्थापित करने की योजना है।
मशीनों से होगी गन्ने की कटाई
कटाई के समय मजदूरों की कमी की समस्या को देखते हुए कैथल शुगर मिल में गन्ना हार्वेस्टिंग मशीनों का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी है। इसके तहत मशीन से गन्ने की कटाई कर गन्ने को सीधे चीनी मिल तक पहुंचाने का मॉडल अपनाया जाएगा। सफल होने पर इसे अन्य सहकारी चीनी मिलों के क्षेत्रों में भी लागू किया जा सकता है।
किसानों को ₹5,000 की प्रोत्साहन राशि के लिए पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी अपने संबंधित कृषि विभाग या सहकारी चीनी मिल से लेने की सलाह दी गई है।
