रुद्रपुर : ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान के पास मिले युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतक के करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि ₹5 हजार की चोरी के संदेह में आरोपी ने पहले से साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया।
31 जुलाई 2026 को ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के पास एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शव के सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और तकनीकी व भौतिक साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर मृतक की पहचान अनिल कुमार (23) पुत्र स्वर्गीय सुभाष चंद्र निवासी ठाकुर नगर, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाकर हत्या करना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन विवेचना की। जांच में पता चला कि घटना वाले दिन अनिल अपने तीन दोस्तों के साथ आजादनगर में शराब पी रहा था। बाद में उसके दो साथी वहां से चले गए, जबकि उसका करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का (24) उसे बहाने से शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पहले अनिल को शराब पिलाई, फिर लकड़ी की फट्टी और ईंट से हमला किया। इसके बाद मौके पर पड़ी रस्सी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके ₹5 हजार चोरी कर लिए थे। इसी रंजिश में उसने हत्या की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और ईंट का टुकड़ा भी बरामद कर लिया गया है। सभी साक्ष्यों को वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी सुनील कुमार उर्फ इक्का निवासी शिवनगर, ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।
