रुद्रपुर : ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने मंगलवार देर रात हाईवे पर विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ड्यूटी में लापरवाही और गलत लोकेशन बताने के मामले में 9 पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित कर दिया गया, जबकि 4 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।

पुलिस के अनुसार 4/5 अगस्त 2026 की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पंतनगर क्षेत्र में सफेद रंग की स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने एक व्यक्ति पर फायरिंग की है और वाहन काशीपुर की ओर गया है। सूचना मिलते ही पंतनगर थाना सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर तत्काल नाकाबंदी और सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए।

इसी दौरान एसएसपी अजय गणपति रात करीब 12 बजे निजी वाहन से स्वयं हाईवे पर बनाए गए चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण करने निकल पड़े।

निरीक्षण के दौरान महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानंदपुर हाईवे पर तैनात रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त दल के कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी ड्यूटी की गलत लोकेशन बताई, जबकि वे मौके पर मौजूद नहीं थे।

एसएसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि 4 पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

इस कार्रवाई के बाद एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *