रुद्रपुर : ऊधम सिंह नगर पुलिस ने गदरपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस, दो स्कॉर्पियो वाहन और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को कोतवाली गदरपुर में सहजपाल सिंह निवासी ग्राम बेरिया दौलत, थाना केलाखेड़ा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि बाजपुर क्षेत्र में पहले हुई मारपीट की रंजिश के चलते 26 जुलाई की शाम सरदार नगर अंडरपास कट के पास आरोपियों ने उन पर और उनके साथियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। घटना में गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी, जबकि वादी और उसके साथी सौरभ बाबा के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया।
मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय, गूलरभोज के पास से चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- राजवीर सिंह विर्क निवासी मुकंदपुर डेरा, गदरपुर
- आकाशदीप सिंह निवासी सरोवर नगर, गदरपुर
- प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी निवासी वार्ड नंबर-2, गदरपुर
- सौरभ कुमार निवासी शिवपुरी, थाना केलाखेड़ा
बरामदगी
- एक अवैध .32 बोर देशी पिस्टल
- एक अवैध .315 बोर तमंचा
- दो जिंदा कारतूस
- एक बांस का डंडा
- घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन
पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कुछ आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ कुमार, आकाशदीप सिंह और प्रशांत सिंह के खिलाफ पहले भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि राजवीर सिंह के खिलाफ भी इसी मामले में कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा
- उप निरीक्षक संजय सिंह बोरा
- कांस्टेबल मोहन भट्ट
- कांस्टेबल राजेंद्र सिंह बिष्ट
- कांस्टेबल मोहन सिंह बोरा
