देहरादून : भारी वर्षा के कारण मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे नंदा की चौकी स्थित पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने समन्वित तरीके से लगातार अभियान चलाया। परिणामस्वरूप मात्र 12 घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत पूरी कर मार्ग को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया गया।
मार्ग बहाल होने के बाद स्थानीय लोगों को राहत मिली और आवश्यक सेवाएं भी सामान्य हो गईं। इस दौरान एक एम्बुलेंस भी बिना किसी बाधा के मरीज को अस्पताल पहुंचाने में सफल रही।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आपदा की स्थिति में राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुल, एप्रोच रोड और संबंधित निर्माण कार्यों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों तथा ठेकेदार से स्पष्टीकरण तलब करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने भी सरकार की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रिकॉर्ड समय में मार्ग बहाल होने से आमजन को बड़ी राहत मिली। सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन और जनहित उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
