देहरादून : मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में आयोजित सचिव समिति की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने उपनल कर्मियों के अनुबंध, कर्मचारियों के प्रमोशन, एसीआर और सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) योजना के विस्तार को लेकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने विभाग में कार्यरत उपनल कर्मियों के साथ अगले तीन दिनों के भीतर अनुबंध प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय सीमा में अनुबंध नहीं होने पर संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कर्मचारियों के प्रमोशन और वार्षिक गोपनीय आख्या (एसीआर) से जुड़े मामलों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रमोशन संबंधी शासनादेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए तथा 30 जून 2027 तक प्रमोशन के पात्र कर्मचारियों की प्रक्रिया अगले एक माह में शुरू की जाए। उन्होंने सभी विभागों को एसीआर बैच क्रिएशन का कार्य तत्काल पूरा कर निर्धारित समय सीमा में पूरी एसीआर प्रक्रिया संपन्न करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य सचिव ने कृषि विभाग में लागू सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) योजना का दायरा बढ़ाते हुए इसे उद्यान विभाग और अन्य लाभार्थी केंद्रित योजनाओं में भी लागू करने के निर्देश दिए। इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने, संभावनाओं का अध्ययन करने और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यशाला आयोजित करने को कहा गया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, चंद्रेश कुमार यादव, श्रीधर बाबू अड्डांकी, डॉ. आर. राजेश कुमार, एस.एन. पाण्डेय, ज्योति यादव, विनोद कुमार सुमन, रणवीर सिंह चौहान, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
