हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि आज का युवा नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि स्टार्टअप और नवाचार के जरिए रोजगार देने वाला “जॉब क्रिएटर” बन रहा है।

शनिवार को गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के चेहरे पर दिखने वाला आत्मविश्वास देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्र निर्माण और संस्कारों का केंद्र है, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा भी मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए हैं। वहीं उत्तराखंड सरकार भी मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, कौशल विकास योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना, हाउस ऑफ हिमालय, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, सौर स्वरोजगार योजना, नई पर्यटन नीति और नई फिल्म नीति के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने बताया कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) इंडेक्स में उत्तराखंड देश में पहले स्थान पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया है और 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण लेने में आने वाली दिक्कतों को भी दूर किया जाएगा। इसके लिए कैंप लगाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा अपने उद्यम शुरू कर सकें।

युवा संवाद कार्यक्रम के आयोजक एवं युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रतिभा लूथरा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *