नैनीताल : चोरगलिया पुलिस ने झपट्टामारी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से छीना गया Samsung A07 5G मोबाइल भी बरामद किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।

पुलिस के मुताबिक, 7 अगस्त की शाम करीब 7 बजे एक व्यक्ति साइकिल से गोविंदपुर स्थित अपने नाना के घर जा रहा था। इसी दौरान बगीचा रेस्टोरेंट के पास एक युवक ने अचानक उसके हाथ से मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया।

मामले में पीड़ित के बेटे निलेश की तहरीर पर चोरगलिया थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने जांच शुरू करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर ग्राम धर्मगढ़ निवासी 25 वर्षीय आदित्य कुमार उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से झपटा गया Samsung A07 5G मोबाइल बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी चोरगलिया थाने में दर्ज बैटरी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्य कुमार उर्फ विक्की पुत्र रमेश लाल, निवासी ग्राम धर्मगढ़, थाना चोरगलिया, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक मनजीत सिंह, कांस्टेबल संदीप सिंह और कांस्टेबल चंदन सिंह शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *