काशीपुर : आईटीआई कोतवाली पुलिस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराधमुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार कर रहे एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में 2 शातिर चोरों को चोरी की 6 बाइकों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

आपको बता दें कि एसएसपी अजय गणपति द्वारा जनपद में अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की घटनाओं के अनावरण हेतु चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत एसपी स्वप्न किशोर सिंह के निर्देशन एवं सीओ प्रशांत कुमार के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली आईटीआई विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।

गठित टीम द्वारा विगत माह चैती मेला, काशीपुर के दौरान हुई वाहन चोरी की घटनाओं के सफल अनावरण हेतु लगातार सुरागरसी-पतारसी, सीसीटीवी फुटेजों का अवलोकन एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी क्रम में दिनांक 24.06.2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम द्वारा पीएम आवास योजना से लगभग 100 मीटर आगे चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई।

पूछताछ एवं तलाशी के दौरान अभियुक्त निखिल गोस्वामी (19 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी महेशपुरा, काशीपुर, हाल निवासी निकट ढेला पुल, प्रगति हॉस्पिटल के पीछे, काशीपुर तथा पिंटू (27 वर्ष) पुत्र हरकेश निवासी वार्ड नं.-04 मसवासी, स्वार जनपद रामपुर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम को देखकर उनका एक अन्य साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी हेतु संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से थाना आईटीआई में पंजीकृत 2 मुकदमों से संबंधित चोरी की 2 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। अभियुक्तों से पूछताछ करने पर उनके द्वारा चैती मेला काशीपुर एवं काशीपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से चोरी कर एक खण्डहर में छिपाकर रखी गई 4 अन्य मोटरसाइकिलें भी उनकी निशानदेही पर बरामद की गईं।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नशे की लत एवं अपने अन्य खर्चों की पूर्ति के लिए मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी प्राप्त की जा रही है।

फरार अभियुक्त: अजय सिंह पुत्र अनिल कुमार निवासी सरवरखेड़ा, थाना कुण्डा, जनपद ऊधम सिंह नगर।

पुलिस टीम में कोतवाल आईटीआई विक्रम सिंह राठौर, एसएसआई अरविन्द बहुगुणा, एसआई हरविन्दर कुमार, हे.कां. सिराज हुसैन, कां. दीपक जोशी, धर्मेन्द्र भारती, सुरेन्द्र काम्बोज तथा रमेश बंग्याल शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *