काशीपुर : काशीपुर कोतवाली में तैनात एक होमगार्ड की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। डंपर की टक्कर से बाइक सवार होमगार्ड की मौके पर ही जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 की शाम करीब 4:39 बजे ढकिया-कुंडेश्वरी क्षेत्र से एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि ढकिया रोड पर पच्चावाला की ओर जाने वाली सड़क पर डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी है।

सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी से एसआई मनोज सिंह धोनी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां बाइक सवार की पहचान शेर सिंह पुत्र तोता राम, निवासी पच्चावाला के रूप में हुई। शेर सिंह काशीपुर कोतवाली में होमगार्ड के पद पर तैनात थे और घटना के समय कुंडेश्वरी चौकी क्षेत्र के ढकिया रोड पर गश्त कर रहे थे।

हादसे में शेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय, काशीपुर भेज दिया, जबकि उनकी बाइक को सुरक्षा की दृष्टि से चौकी में खड़ा करा दिया गया।

होमगार्ड शेर सिंह की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। पुलिस हादसे के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *