रुद्रपुर/काशीपुर : कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऊधम सिंह नगर पुलिस ने 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध और वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
रुद्रपुर क्षेत्र में दिल्ली, मुरादाबाद, रामपुर, बिलासपुर, काशीपुर, हरिद्वार, नैनीताल, सितारगंज, किच्छा और सिडकुल की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रिंग रोड के माध्यम से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं, खटीमा, सितारगंज, हल्द्वानी और नैनीताल से आने वाले भारी वाहन भी निर्धारित रिंग रोड मार्ग का उपयोग करेंगे।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ के दौरान रामपुर बॉर्डर, एमेनिटी स्कूल, राधा स्वामी सत्संग और पार्ले चौक से सभी प्रकार के वाहनों को रिंग रोड के जरिए डायवर्ट किया जाएगा। हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति करने वाले आवश्यक सेवा वाहनों को इस व्यवस्था से छूट रहेगी।
कांवड़ यात्रियों की संख्या बढ़ने पर यातायात व्यवस्था में आवश्यकता अनुसार बदलाव किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय राजमार्ग की एक लेन कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रखते हुए दूसरी लेन से अन्य वाहनों का संचालन कराया जाएगा।
8 से 11 अगस्त के बीच जनपद के कई प्रमुख स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इनमें सितारगंज का एसएच हॉस्पिटल, पुलभट्टा, दरऊ चौक, लालपुर, डिबडिबा, कीरतपुर मोड़, रामपुर बॉर्डर, छतरपुर मोड़, महतोष मोड़, मोतियापुर मोड़, स्वार बॉर्डर दोराहा, बरहैनी, लोहियापुल पैंगा, प्रतापपुर चौकी, सूर्या बॉर्डर, धर्मपुर बॉर्डर और नादेही बॉर्डर शामिल हैं।
काशीपुर सेक्टर में भी विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। धामपुर-बिजनौर, ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद-टांडा, दड़ियाल, रामनगर, हल्द्वानी-बाजपुर, मोतियापुरा और नवाबगंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को विभिन्न चेक पोस्ट और बॉर्डरों से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
