देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों के कल्याण और सम्मान से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया।
बैठक में समिति ने पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति की। इसके साथ ही मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8 हजार प्रतिमाह सम्मान पेंशन दिए जाने की भी सिफारिश की गई।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से सूचना विभाग पत्रकारों और उनके आश्रितों से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निस्तारण कर रहा है। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त पत्रकारों एवं उनके परिवारों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए समितियों की नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और शशि शर्मा मौजूद रहे।
