काशीपुर : काशीपुर में साइबर ठगों ने दो महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खातों से लाखों रुपये निकाल लिए। एक महिला के खाते से यूट्यूब पर अपडेट का मैसेज आने के दौरान रकम कट गई, जबकि दूसरी महिला के खाते से बिना जानकारी और अनुमति के लाखों रुपये निकाल लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में कुंडेश्वरी, काशीपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अक्टूबर 2026 को वह अपने मोबाइल फोन पर यूट्यूब चला रही थीं। इसी दौरान यूट्यूब पर अपडेट का मैसेज आया और उनके मोबाइल पर यूपीआई ट्रांजेक्शन के संदेश आने लगे। महिला के अनुसार, अलग-अलग समय पर उनके बैंक खाते से कुल 1 लाख 37 हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने पुलिस से रकम वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

वहीं, दूसरे मामले में चामुंडा विहार, काशीपुर निवासी एक महिला ने पुलिस को बताया कि उनके बैंक खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना रकम निकाल ली गई। महिला के अनुसार, उनके खाते से 4 लाख 95 हजार रुपये और 1 लाख 35 हजार रुपये की निकासी हुई। उन्होंने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने दोनों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतें: मोबाइल पर आने वाले संदिग्ध अपडेट मैसेज और अनजान लिंक पर क्लिक न करें। किसी भी ऐप को अपडेट करने से पहले उसकी आधिकारिकता की जांच करें और बैंक खाते से जुड़ी संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत बैंक तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *