हल्द्वानी : मल्ला चौफुला क्षेत्र की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर कम से कम 20 फीट चौड़ा करने की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों ने बुधवार को आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत को ज्ञापन सौंपा। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने एसडीएम हल्द्वानी को मौके का निरीक्षण कर जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
20-22 फीट की सड़कें सिमटकर रह गईं 10-13 फीट
नगर निगम के वार्ड नंबर 37 मल्ला चौफुला के लोगों ने बताया कि कॉलोनी में कई सड़कें पहले करीब 20 से 22 फीट चौड़ी थीं, लेकिन अतिक्रमण के कारण इनकी चौड़ाई घटकर 10 से 13 फीट तक रह गई है। इससे क्षेत्र में लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि वार्ड में जिन मार्गों का निर्माण और चौड़ीकरण प्रस्तावित है, उन्हें कम से कम 20 फीट तक चौड़ा किए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सड़क की जद में किसी की बाउंड्रीवाल या जमीन आती है तो जनहित में उसे हटाने पर भी उन्हें आपत्ति नहीं होगी।
आयुक्त ने एसडीएम को दिए जांच के निर्देश
क्षेत्रवासियों ने आयुक्त से मांग की कि मार्गों को 20 फीट चौड़ा कर बंदोबस्ती में शामिल किया जाए और उन्हें अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।
ज्ञापन पर आयुक्त दीपक रावत ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी को प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब स्थलीय जांच के बाद ही सड़क चौड़ीकरण को लेकर आगे की कार्रवाई तय होगी।
