नैनीताल : देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस नैनीताल जिले में हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद प्रभारी मंत्री खजान दास ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में प्रभारी मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों और वीर नारियों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य हर गांव तक विकास पहुंचाना और लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है।

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ प्रदेश को बेहतर सड़क, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रस्तुति से प्रभावित होकर प्रभारी मंत्री ने बच्चों को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ भी दिलाई।

इसके बाद प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद अंबेडकर पार्क में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित किए गए।

स्वतंत्रता दिवस पर गांधी चौक से डीएसए मैदान तक तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली छात्र-छात्राओं और आम लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति के नारों से माहौल गूंज उठा।

वन विभाग की ओर से ठंडी सड़क पर आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी प्रभारी मंत्री ने हिस्सा लिया। इसके अलावा मल्लीताल वोट स्टैंड से नाव रैली निकाली गई और नैनीताल में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

जिले के विभिन्न कार्यालयों और संस्थानों में भी ध्वजारोहण, प्रभात फेरी, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कमिश्नरी कार्यालय में कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत तथा विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने ध्वजारोहण कर मंडल और जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *