रुद्रपुर : आगामी कांवड़ मेला और चेहल्लुम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसएसपी अजय गणपति ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों तथा थाना एवं चौकी प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ के तहत अपराधियों पर होगी कार्रवाई
एसएसपी ने निर्देश दिए कि जनपद के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाया जाए। इसके तहत संदिग्ध व्यक्तियों, हिस्ट्रीशीटरों, वारंटियों, अराजक तत्वों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन, किरायेदारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त
कांवड़ मेला और चेहल्लुम के दौरान प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार गश्त और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सोशल मीडिया पर रहेगी 24 घंटे निगरानी
एसएसपी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक सूचनाओं और आपत्तिजनक पोस्टों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साइबर सेल और स्थानीय पुलिस द्वारा 24×7 सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की जाएगी। सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये रहे प्रमुख निर्देश
- धार्मिक स्थलों और जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
- मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार पुलिस की मौजूदगी और निगरानी सुनिश्चित की जाए।
- होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और किरायेदारों का सघन सत्यापन किया जाए।
- ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी और कर्मचारी समयबद्ध एवं अनुशासित तरीके से दायित्व निभाएं।
- सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल संज्ञान लिया जाए।
- किसी भी सूचना पर त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए।
- शांति समिति, धर्मगुरुओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए।
जनपद पुलिस रहेगी हाई अलर्ट पर
बैठक के अंत में एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कांवड़ मेला और चेहल्लुम जनपद के महत्वपूर्ण आयोजन हैं। इन्हें शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना ऊधमसिंहनगर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे जनपद में पुलिस हाई अलर्ट मोड पर रहकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेगी।
