रुद्रपुर : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत सिडकुल पंतनगर स्थित वी-गार्ड कंपनी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में साइबर अपराध प्रकोष्ठ और महिला हेल्पलाइन की टीम ने कंपनी के कर्मचारियों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिस टीम ने कर्मचारियों को बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, CBI, ED या अन्य सरकारी अधिकारी बनकर वीडियो कॉल या फोन के माध्यम से फर्जी मुकदमे और गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगी करते हैं। ऐसे मामलों में घबराने के बजाय तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) अपनाने की भी अपील की गई। कर्मचारियों को निजी जानकारी, बैंकिंग विवरण और लोकेशन सोशल मीडिया पर साझा न करने के लिए जागरूक किया गया।
इसके अलावा ऑनलाइन गेमिंग के बढ़ते दुष्प्रभाव, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग और साइबर स्लेवरी जैसे अपराधों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने और साक्ष्य सुरक्षित रखने की सलाह भी दी गई।
महिला सुरक्षा पर आयोजित सत्र में महिलाओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। साथ ही गौराशक्ति ऐप के उपयोग और जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता लेने के बारे में भी बताया गया।
पुलिस टीम ने कर्मचारियों से अपील की कि संदिग्ध लिंक, QR कोड या अटैचमेंट पर क्लिक न करें, OTP, PIN, CVV और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने संदेश दिया कि “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर अपराधियों से बचने का सबसे मजबूत हथियार आपकी जागरूकता है।”
