सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शॉल, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र देकर किया सम्मानित
रुद्रपुर : पुलिस लाइन रुद्रपुर में शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर पुलिस के अधिवर्षता और ऐच्छिक सेवानिवृत्ति प्राप्त करने वाले छह अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों को शॉल, स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके लंबे और कर्तव्यनिष्ठ सेवाकाल के लिए आभार जताया।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज, कानून और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों का अनुभव और योगदान हमेशा विभाग की अमूल्य धरोहर रहेगा।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का अंत जरूर है, लेकिन पुलिस परिवार से उनका रिश्ता हमेशा बना रहेगा। एसएसपी ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखी और समृद्ध जीवन की कामना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए और विभाग व वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके योगदान की सराहना करते हुए भावभीनी विदाई दी।
आज सेवानिवृत्त हुए अधिकारी एवं कर्मचारी:
- अग्निशमन द्वितीय अधिकारी श्याम बहादुर थापा (अधिवर्षता सेवानिवृत्ति)
- अग्निशमन द्वितीय अधिकारी दुर्गा सिंह भण्डारी (अधिवर्षता सेवानिवृत्ति)
- अपर उपनिरीक्षक (ना.पु.) राजेन्द्र प्रसाद पन्त (अधिवर्षता सेवानिवृत्ति)
- मुख्य आरक्षी (ना.पु.) महेश सिंह (अधिवर्षता सेवानिवृत्ति)
- मुख्य आरक्षी (ना.पु.) कुन्दन सिंह बिष्ट (ऐच्छिक सेवानिवृत्ति)
- आरक्षी (ना.पु.) विजय नाथ गोरस्वामी (ऐच्छिक सेवानिवृत्ति)
समारोह में क्षेत्राधिकारी खटीमा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन रुद्रपुर सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सम्मान और आत्मीयता के माहौल में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में सभी ने सेवानिवृत्त साथियों के उत्कृष्ट सेवाकाल को नमन करते हुए उनके सुखद और स्वस्थ जीवन की कामना की।
