किच्छा : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत किच्छा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित 12 मोटरसाइकिलों को सीज किया गया।
पुलिस ने बताया कि सीज की गई सभी मोटरसाइकिलों के स्वामियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अभियान पुलिस उपाधीक्षक किच्छा के पर्यवेक्षण में चलाया गया।
किच्छा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय नंबर प्लेट अवश्य लगाएं और आरसी, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस तथा प्रदूषण प्रमाण पत्र जैसे सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें। साथ ही नाबालिगों को वाहन न देने और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। यात्रियों और वाहन चालकों से नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की गई है।
