हल्द्वानी: नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सोमवार को नवनिर्मित बनभूलपुरा थाना भवन का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना भवन के कार्यालय, अभिलेख कक्ष, आगंतुक कक्ष, बैरक, मालखाना, शस्त्रागार, सुरक्षा व्यवस्था, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं को देखा। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शेष कार्य निर्धारित समय में और गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखते हुए पूरे किए जाएं, ताकि जनता को बेहतर पुलिस सुविधाएं मिल सकें।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह थाना भवन पुलिस व्यवस्था को और मजबूत बनाएगा। साथ ही पुलिस कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा और आम लोगों को अधिक प्रभावी एवं सुगम पुलिस सेवाएं उपलब्ध होंगी।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक (संचार) रेवाधर मठपाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, सहायक अभियंता जयांक पांडे, एसएसआई गगनदीप सिंह, भवन लिपिक दीपा मिराल सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
