हल्द्वानी : कार पर नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगाकर खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताने वाले 24 वर्षीय युवक को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, फर्जी दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद की है।

नैनीताल जिले में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के साथ ही वाहनों की सघन चेकिंग के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 12 सितंबर 2026 को हल्द्वानी थाना क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।

तिकोनिया चौराहे पर चेकिंग के दौरान काठगोदाम की ओर से एक हुंडई कार यूपी 25 सीएस 9327 आती दिखाई दी। कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा था। पुलिस ने वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की।

पूछताछ में चालक ने खुद को आईबी अधिकारी बताते हुए एक आईडी कार्ड दिखाया और अपना नाम मौ. मोहासिब खान (24) पुत्र मौ. अयूब खान, निवासी शाहबाद गेट, मोहल्ला ईदगाह, थाना कोतवाली, रामपुर, उत्तर प्रदेश बताया। जब पुलिस ने उसकी नियुक्ति और पद से संबंधित जानकारी मांगी तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। इस दौरान डैशबोर्ड से फर्जी आईबी आईडी कार्ड, इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज, पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन, नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने रौब दिखाने के लिए एयरगन रखी थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद आईबी का आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेज फर्जी हैं।

पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी ने खुद को आईबी अधिकारी/जवान बताने के लिए फर्जी पहचान पत्र और दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया। मामले में कोतवाली हल्द्वानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई कृपाल सिंह, कांस्टेबल मौ. अजहर और कांस्टेबल सुनील टम्टा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *