रुद्रपुर : आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर लोगों से सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूलने वाले गिरोह का एसटीएफ और पंतनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। संयुक्त कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, लैपटॉप और प्रिंटर समेत कई दस्तावेज व उपकरण बरामद किए गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, एसटीएफ कुमाऊं यूनिट रुद्रपुर और थाना पंतनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से आरटीओ कार्यालय के बाहर कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि दोनों युवक अलग-अलग निजी वाहनों में बैठकर लैपटॉप और प्रिंटर के माध्यम से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम कर रहे थे। इसके नाम पर वे लोगों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक धनराशि वसूल रहे थे।

पुलिस ने मौके से 75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, एक लैपटॉप, एक प्रिंटर और अन्य दस्तावेज व उपकरण बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहन भी जब्त किए गए हैं।

प्रारंभिक जांच में यह बात भी सामने आई है कि कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर उपलब्ध कराए जा रहे थे। एसटीएफ अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

  1. पंकज कांति सेन पुत्र स्व. स्वदेश कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर।

  2. प्रवीन बाछाड़ पुत्र विकास बाछाड़ निवासी चंदीपुर, जियपुर, दिनेशपुर।

पुलिस टीम में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट के एसआई विपिन जोशी, हेड कांस्टेबल रविन्द्र बिष्ट, कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार, चौकी प्रभारी सिडकुल एसआई अनिल मेहता और कांस्टेबल कृपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

एसटीएफ ने आमजन से अपील की है कि सरकारी कार्यों के लिए केवल अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें। अनधिकृत व्यक्तियों को अतिरिक्त धनराशि न दें और अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *