काशीपुर : काशीपुर में यूपी पुलिस के सिपाही की पत्नी और उसके दो बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने पूर्व CRPF जवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने हमले के बाद खुद ही घायल महिला और बच्चों को अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर दिया है।

मामले का खुलासा करते हुए एसपी स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि 19 नवंबर 2026 को यूपी पुलिस में तैनात सिपाही सचिन कुमार पुत्र सुरेश कुमार, निवासी खड़कपुर देवीपुरा, काशीपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि पूर्व CRPF जवान ने उसकी पत्नी और दो बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला किया है। हमले के बाद आरोपी उन्हें अपनी कार से मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराकर वहां से फरार नहीं हुआ, बल्कि मौके पर ही मौजूद रहा।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू की और सीसीटीवी कैमरों व तकनीकी सर्विलांस की मदद से घायल महिला और बच्चों को अस्पताल में तलाश लिया। वहां उन्हें अस्पताल पहुंचाने वाला आरोपी संजय कुमार पुत्र डालचंद, निवासी अंबेडकर नगर, डिलारी, मुरादाबाद भी मौजूद मिला।

घायल महिला और बच्चों से पूछताछ में सामने आया कि संजय घर में घुसकर महिला पर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर उसने जान से मारने की नीयत से खुखरी से हमला कर दिया। हमले में महिला की गर्दन और बच्चों के मुंह, गर्दन व उंगलियों पर गंभीर चोटें आईं। एक बच्चे का जबड़ा तक बुरी तरह कट गया। हालत गंभीर होने पर तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया।

रुपयों के लेन-देन से शुरू हुई थी जान-पहचान

पुलिस पूछताछ में आरोपी संजय ने बताया कि वह CRPF से वीआरएस ले चुका है। उसकी सचिन कुमार से जान-पहचान थी और दोनों के बीच रुपयों का लेन-देन होता था। आरोपी के मुताबिक, सचिन से पैसे वापस नहीं मिलने पर उसने उसकी पत्नी रिंकी का मोबाइल नंबर लेकर उससे बातचीत शुरू की और नजदीकियां बढ़ा लीं। आरोपी ने दावा किया कि मई 2026 में उसने रिंकी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाण पत्र भी बनवाया था।

आरोपी के अनुसार, उसने अपनी पत्नी को तलाक देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी, लेकिन रिंकी उसके साथ जाने को तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर वह नाराज रहने लगा था।

बच्चों को स्कूल के बाहर से कार में बैठाया

आरोपी ने पुलिस को बताया कि 18 नवंबर को वह रिंकी के घर पहुंचा, लेकिन गेट नहीं खुलने पर वापस चला गया। इसके बाद वह केंद्रीय विद्यालय पहुंचा, जहां रिंकी के बच्चे पढ़ते हैं। वहां दोनों बच्चे स्कूल गेट के बाहर मिले तो वह उन्हें अपनी कार में बैठाकर घर ले आया। बाद में रिंकी के घर पहुंचकर कमरे के जालीदार गेट से अंदर घुस गया और उसका इंतजार करने लगा।

आरोपी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे रिंकी घर पहुंची और उसे देखते ही बाहर भागने लगी। इस पर उसने उसे पकड़कर अंदर खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। बच्चों के विरोध करने और शोर मचाने पर उसने खुखरी से तीनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

इलाज के बाद अपने साथ ले जाने की थी योजना

पुलिस के अनुसार, हमला करने के बाद आरोपी ने दो बैगों में सामान पैक किया और महिला व बच्चों को अपनी कार में बैठाकर अस्पताल ले गया। आरोपी की योजना इलाज के बाद उन्हें अपने साथ ले जाने की थी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खुखरी, क्विड कार, पीड़िता और बच्चों के सामान से भरे दो बैग तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

इस मामले में कोतवाली आईटीआई में बीएनएस की धारा 109(1), 332(बी), 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 भी बढ़ाई गई है। पुलिस ने आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।

पुलिस टीम में शामिल रहे: एसएसआई अरविंद बहुगुणा, एसआई बसंत पंत, हरविंदर कुमार, एएसआई दीपक चौहान, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, दीपक जोशी, रमेश बंग्याल और धर्मेंद्र भारती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *