काशीपुर : काशीपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पुलिसकर्मी की पत्नी और उसके दो बच्चों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप लगा है। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

खड़कपुर देवीपुरा निवासी सचिन कुमार पुत्र सुरेश कुमार ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह वर्तमान में बरेली पुलिस विभाग में तैनात है। 18 नवंबर 2026 को जब वह निजी काम से बरेली से काशीपुर आ रहा था, तभी उसकी पत्नी का फोन आया। पत्नी ने घबराते हुए कहा कि उसे और बच्चों को संजय ने मार दिया है, बचाओ। इसके बाद अचानक फोन कट गया।

सचिन के मुताबिक, वह उस समय काशीपुर रेलवे स्टेशन पहुंच चुका था। वह तुरंत घर पहुंचा तो मुख्य गेट के बाहर रैंप पर खून पड़ा हुआ था। घर के अंदर बरामदे, लॉबी और बैठक में भी खून बिखरा था। बिस्तर पर खून के निशान थे और कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।

इस दौरान किरायेदारों ने बताया कि रात करीब 9 से 9:10 बजे के बीच घर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दी थीं। बाहर आकर देखने पर सचिन की पत्नी और बच्चे गेट के पास खड़े थे। उनके मुंह और गर्दन से खून बह रहा था। इसी बीच एक व्यक्ति कार लेकर आया और तीनों को कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। वह घर से दो बैग भी ले गया था। किरायेदारों के मुताबिक, कार पर सीआरपीएफ लिखा हुआ था।

बाद में सचिन को पता चला कि उसकी पत्नी और दोनों बच्चे मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सचिन ने पत्नी और बच्चों से घटना के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि संजय पुत्र डालचंद निवासी डिलारी, मुरादाबाद उनके घर में घुस आया था। उसने अपने साथ चलने को कहा और मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद संजय ने लंबा चाकू निकालकर पहले उसकी पत्नी की गर्दन पर वार किया। फिर एक बच्चे के मुंह और दूसरे बच्चे की गर्दन व उंगली पर चाकू से हमला कर दिया।

सचिन ने आरोप लगाया कि संजय ने उसकी पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या करने की नीयत से हमला किया और उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाईं।

पुलिस ने सचिन कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी संजय के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 332(सी) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *