काशीपुर : मौहल्ला खालसा निवासी एक व्यक्ति ने काजीबाग मस्जिद कमेटी के सचिव समेत तीन लोगों पर ग्राइंडर से उसके घर का ताला काटकर जबरन घुसने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काशीपुर के 322, खालसा स्ट्रीट निवासी काशिफ अली पुत्र साजिद अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके दादा स्वर्गीय सैय्यद सईद अली वर्ष 1962 में पाउंड कीपर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद से ही उक्त मकान में रहते आ रहे थे। वह अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं और वर्तमान में भी परिवार सहित इसी मकान में निवास कर रहे हैं।

काशिफ के अनुसार, वह पॉलिसी बाजार में कार्यरत हैं और काम के सिलसिले में परिवार सहित काशीपुर से रामनगर आते-जाते रहते हैं। उक्त मकान को लेकर काजीबाग मस्जिद कमेटी के साथ वर्ष 2022 से वक्फ ट्रिब्यूनल कोर्ट, हल्द्वानी में वाद संख्या 18/2022 विचाराधीन है। इसमें न्यायालय ने उनके पक्ष में स्थगन आदेश भी पारित किया हुआ है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के चलते अली अनवर से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि 1 अगस्त 2026 की रात करीब 9:40 बजे शाकिर खान ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि अली अनवर कुछ अन्य लोगों के साथ ग्राइंडर से उनके घर का ताला काट रहा है।

सूचना मिलते ही काशिफ मौके पर पहुंचे तो उन्होंने कथित तौर पर अली अनवर (मस्जिद कमेटी सचिव) को ताला काटते हुए देखा। उसके साथ मौहम्मद उस्मान निवासी काजीबाग और आलमगीर निवासी अल्ली खां भी मौजूद थे। काशिफ का आरोप है कि विरोध करने पर तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

काशिफ ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें मकान से बेदखल कर जबरन कब्जा करने की कोशिश की।

पुलिस ने काशिफ अली की तहरीर के आधार पर अली अनवर, मौहम्मद उस्मान और आलमगीर के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 324(2), 332(सी), 351(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई प्रकाश सिंह बोरा को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *