काशीपुर। दीपावली के त्योहार को खास बनाने और स्थानीय कारीगरों व छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से नगर निगम परिसर में स्वदेशी दीपावली मेले का आयोजन शुरू हो गया है। सोमवार दोपहर महापौर दीपक बाली ने विधिवत फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने शहरवासियों से मेले में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने और स्थानीय दुकानदारों का सहयोग करने की अपील की।
नगर निगम परिसर में लगातार दूसरे वर्ष आयोजित हो रहे इस मेले में इस बार कुल 53 दुकानें सजाई गई हैं। यहां दीपावली से जुड़ी सजावटी सामग्री से लेकर हस्तनिर्मित वस्तुओं और खानपान तक के कई विकल्प उपलब्ध हैं। मिट्टी के दीये, मूर्तियां, इलेक्ट्रिक झालरें, चूड़ियां, सौंदर्य प्रसाधन, प्लास्टिक की मालाएं और विभिन्न घरेलू उपयोग की वस्तुएं ग्राहकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।
मेले में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को भी विशेष स्थान दिया गया है। इनमें मिट्टी की मूर्तियां, हस्तनिर्मित पायदान, दरी, गुलदस्ते, टोकरी, डलिया, बेडशीट और कुशन कवर शामिल हैं। इसके अलावा गोबर से बने उत्पाद, पीओपी की मूर्तियां और मिट्टी से तैयार पारंपरिक वस्तुएं भी बिक्री के लिए रखी गई हैं। हथकरघा डिजाइन सेंटर की प्रदर्शनी भी मेले की खासियत है, जिसका संचालन राज्य स्तर पर सम्मानित मोहम्मद इसरार हुसैन कर रहे हैं।
दरअसल, पहले इस मेले का आयोजन जीजीआईसी के सामने पुरानी जेल परिसर में होता था। वहां मल्टीपार्किंग का निर्माण शुरू होने के बाद दुकानदारों के सामने आयोजन स्थल को लेकर परेशानी खड़ी हो गई थी। ऐसे में महापौर दीपक बाली ने छोटे दुकानदारों की समस्या को देखते हुए पिछले वर्ष नगर निगम परिसर में मेले की शुरुआत कराई थी। आयोजन को मिली अच्छी प्रतिक्रिया के बाद इस बार भी इसी स्थान पर मेला लगाया गया है। यह दीपावली तक जारी रहेगा।
इस बार मेले में बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी लोगों को खूब भा रहा है। यहां पहुंचने वाले लोग तस्वीरें खिंचवाकर पुरानी यादें ताजा कर रहे हैं। कई लोग पिछली बार की तरह इस बार भी उसी स्थान पर सेल्फी लेते नजर आए। मेले में खरीदारों की आवाजाही शुरू हो चुकी है। नगर निगम की ओर से दुकानदारों और ग्राहकों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उद्घाटन के बाद महापौर दीपक बाली ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और दुकानदारों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों और दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, पार्षद पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी, तनवीर आलम, पीयूष प्रधान, चेतन अरोड़ा, जसवीर सिंह सैनी और राजकुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन कर अधीक्षक अनिरुद्ध गौड़ ने किया।
