काशीपुर : बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर फर्राटा भरना बाइक चालकों को भारी पड़ गया। काशीपुर पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दर्जन मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में काशीपुर पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के मोटरसाइकिल चलाने वाले चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान पुलिस टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट के दौड़ रही 12 मोटरसाइकिलें पकड़ी गईं, जिन्हें पुलिस ने सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना यातायात नियमों का उल्लंघन है। ऐसे वाहनों की आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता होने पर उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है। इसी को देखते हुए पुलिस ने यह सख्त कार्रवाई की है।
काशीपुर पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर नियमानुसार नंबर प्लेट लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
