रुद्रपुर : एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर आरोपी के घर पहुंचकर संपत्ति कुर्की की उद्घोषणा की गई।

पुलिस के अनुसार मुकदमा अपराध संख्या 211/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 64 तथा पोक्सो एक्ट की धारा 5 और 6 के तहत दर्ज मामले का आरोपी मलकीत सिंह, पुत्र गुरु सेवक सिंह, निवासी आदर्श कॉलोनी, रुद्रपुर लगातार फरार चल रहा है।

विवेचक द्वारा न्यायालय से आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने कई बार संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार रहा।

आरोपी की लगातार गैरहाजिरी को देखते हुए न्यायालय ने धारा 84 बीएनएसएस (BNSS) के तहत उद्घोषणा जारी करने के आदेश दिए। आदेश के अनुपालन में रविवार को पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची और नियमानुसार उद्घोषणा की कार्रवाई की।

पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय या पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो न्यायालय के आदेश के अनुसार उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *