काशीपुर : एक डंपर ने ब्लिंकट डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की बहन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
मौ. कटरामालियान, काशीपुर निवासी शिवानी पुत्री भूप सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि दिनांक 6.7.2026 को उसका भाई अभिषेक ब्लिंकिट का पार्सल डिलीवर करने अपनी मोटरसाईकिल से बैलजूड़ी से काशीपुर की तरफ आ रहा था। वह अपनी मोटरसाईकिल को सावधानीपूर्वक व सामान्य गति से अपनी साइड से चला रहा था, जैसे ही उसकी मोटरसाईकिल रात्रि के लगभग 11 बजे शहजाद ट्रैडर्स की दुकान, गंगे बाबा रोड पर पहुँची तभी काशीपुर की तरफ से आ रहे डम्पर संख्या-एचआर 58 ई 7513 का चालक अपने डम्पर को तेजी व लापरवाही से चलाते हुए लाया और उसके भाई की मोटरसाईकिल में गलत साइड में लाकर जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसके भाई को गम्भीर चोटें आयीं।
शिवानी ने बताया कि उसके भाई को 108 एम्बुलेंस के द्वारा सरकारी अस्पताल, काशीपुर पहुँचाया गया, जहाँ पर डॉक्टरों उसके भाई अभिषेक को मृत घोषित कर दिया। उसने बताया कि उक्त दुघर्टना को शुभम व अमन आदि ने देखा है। उक्त डम्पर चालक डम्पर को मौके पर छोड़कर भाग गया।
शिवानी ने बताया कि उसके भाई का पोस्टमार्टम सरकारी अस्पताल काशीपुर में दिनांक 7.7.2026 को हुआ तथा पंचनामा काशीपुर पुलिस द्वारा दिनांक 7.7.2026 को भरा गया। उसने डंपर चालक के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1), 125(बी), 81 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई देवेन्द्र सिंह सामंत के सुपुर्द की है।
