काशीपुर : ऑनलाइन होम ट्यूटर बनने की चाह में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने बाइजूस (BYJU’S) में ऑनलाइन टीचर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से 1 लाख 14 हजार 220 रुपये ठग लिए। महिला की तहरीर पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राधेहरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, काशीपुर निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने 12 नवंबर 2026 को फेसबुक के माध्यम से बाइजूस में ऑनलाइन होम ट्यूटर बनने के लिए आवेदन किया था। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया, जिसे गुलाब सिंह नाम का व्यक्ति संचालित कर रहा था। कंपनी की ओर से ज्वाइनिंग संबंधी जानकारी भेजकर उनका सीवी मांगा गया, जिसे उन्होंने भेज दिया।

महिला के अनुसार, इसके बाद उन्हें अपॉइंटमेंट लेटर भेजा गया और आईडी कार्ड बनाने के नाम पर पहचान पत्र मांगा गया। पूर्व में नई टिहरी स्थित महाविद्यालय में कार्यरत होने के कारण उन्होंने वहां का आईडी कार्ड भेज दिया। इसके बाद उनसे रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में 1,500 रुपये मांगे गए और बताया गया कि यह रकम पहली सैलरी के साथ वापस कर दी जाएगी। नौकरी मिलने की उम्मीद में उन्होंने पैसे भेज दिए।

महिला ने बताया कि इसके बाद 12 नवंबर से लगातार कभी इंश्योरेंस, कभी जीएसटी तो कभी हेल्थ कार्ड के नाम पर उनसे रुपये मांगे जाने लगे। हर बार उन्हें भरोसा दिलाया गया कि प्रक्रिया पूरी होते ही उनकी पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। इस तरह ठगों ने अलग-अलग बहानों से उनसे कुल 1,14,220 रुपये ऐंठ लिए। ठगी का एहसास होने पर महिला ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।

आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई मीनाक्षी मनराल को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *